प्रधानमंत्री ग्राम सड़क जर्जर,बदहाल मार्ग पर हर दिन दुर्घटना का खतरा।
खमतरा मुख्य मार्ग से महगवां तक 20–25 किलोमीटर लंबी सड़क खस्ताहाल,ग्रामीणों ने नए निर्माण की उठाई मांग।
ढीमरखेड़ा,ग्रामीण खबर MP।
कटनी जिले के विकासखंड ढीमरखेड़ा अंतर्गत खमतरा मुख्य मार्ग से महगवां तक जाने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत निर्मित सड़क इन दिनों पूरी तरह जर्जर और बदहाल स्थिति में पहुंच चुकी है। सड़क की हालत इतनी खराब हो गई है कि जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं और डामर पूरी तरह उखड़ चुका है। ऐसे में इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क का निर्माण कार्य हुए अभी लगभग तीन वर्ष ही बीते हैं, लेकिन निर्माण एजेंसी द्वारा घटिया गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किए जाने के कारण सड़क समय से पहले ही क्षतिग्रस्त हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप किया गया होता तो सड़क इतनी जल्दी खराब नहीं होती।
यह सड़क लगभग 20 से 25 किलोमीटर लंबी है और दर्जनों गांवों को आपस में जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान, छात्र, व्यापारी और मरीज इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका और अधिक बढ़ जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक न तो सड़क की समुचित मरम्मत कराई गई और न ही नए निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल की गई। ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा भी इस समस्या की लगातार अनदेखी किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं। कई दोपहिया वाहन चालक गड्ढों में फिसलकर घायल हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि सड़क की तकनीकी जांच कराकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि निर्माण में अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई की जाए तथा इस महत्वपूर्ण मार्ग का शीघ्र नए सिरे से गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए, ताकि क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके तथा भविष्य में होने वाली संभावित दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
